अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के दौरान भाषा एवं संस्कृति विभाग और रेणुका विकास बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में बहुभाषीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि दीपचंद कौशल ने की, जबकि मंच संचालन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ईश्वर दास राही ने किया। दो दर्जन से अधिक कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक मुद्दों, संवेदनाओं और समसामयिक विषयों को प्रस्तुत किया। डॉ. ईश्वर दास राही ने अपनी कविता में बचपन की यादों और अपनेपन को खूबसूरती से प्रस्तुत करते हुए कहा, “मैं छोटा था, एक घर में रहता था, कच्चा-पक्का नहीं मगर अपना था।” कवि प्रेमपाल आर्य ने “संगी-साथी भी मिले...” रचना प्रस्तुत की। वरिष्ठ कवि ब्रह्मनंद शर्मा (पंकज) ने बेटियों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “मां-बाप का उद्धार है बेटी, हर घर का सुधार है बेटी।” वहीं संजय भारद्वाज ने “रोको रे रोको मेरे राम जा रहे हैं...” और डॉ. श्रीकांत अकेला ने “जिंदगी का सफर खुशनुमा चाहिए” कविता सुनाई। सुरेंद्र कुमार ने सोशल मीडिया के बदलते दौर पर “सोशल मीडिया रा खोस चाला दौर...” रचना के माध्यम से व्यंग्य किया। अर्चना शर्मा ने “कर उम्मीदें सभी दायरे में कभी, आदमी जात हूं कोई देवी नहीं...” के माध्यम से नारी मन की भावनाओं को स्वर दिया। अनंत आलोक ने “कटे-फटे कपड़े बने, खानदान पहचान...” के जरिए सामाजिक सोच पर कटाक्ष किया। दीपराज विश्वास ने “हाले-दिल हमने सुनाया तो रो पड़ोगे तुम...” कविता सुनाई, जबकि शून्य विनोद ने “कोई बेचता है, कोई खरीदता है...” रचना प्रस्तुत की। कवयित्री मीनाक्षी वर्मा ने “अब तो तुम्हारा घर आना ही खुद अपने आप में एक उत्सव है...” कविता से रिश्तों की संवेदनाओं को उकेरा। सुनीता देवी ने “धारों गोंड़ो राबास किंकरी देवी री धरती...” के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय भावनाओं को अभिव्यक्त किया। आत्माराम शर्मा ने “कवि छत में बुलाएं, कवि चांद दिखाएं...” रचना प्रस्तुत की। कवि योगेंद्र अग्रवाल योगी की कविता “आज खुद से एक सवाल करें, अपने आचरण में थोड़ा सुधार करें...” ने विशेष रूप से श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने अपनी रचना के माध्यम से नागरिकों को कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि देश केवल नेताओं और सरकार से नहीं बनता, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों के बिना राष्ट्र का संवरना संभव नहीं है। दीपक जोशी ने भगवान परशुराम को संबोधित करते हुए “भगवान परशुराम एक बार धरा पर फिर आ जाओ, अदालत की काली छाया से रेणुका के अस्तित्व को बचाओ...” कविता के माध्यम से रेणुका के अस्तित्व से जुड़े मुद्दे को उठाया। डॉ. प्रमोद पारीक ने “परशुराम का अंतर्द्वंद्व...” और दिव्या चौहान ने “एक मुर्दा लेटा है लकड़ी की सेज पर...” कविता प्रस्तुत की। सम्मेलन में अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास, अज्ञानता और व्यवस्था की खामियों को उजागर किया। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी, बीडीओ ददाहू दर्शन लाल पुंडीर सहित सैकड़ों साहित्यप्रेमी और श्रोता उपस्थित रहे।