जिला मुख्यालय नाहन में रविवार को पहले शारदीय नवरात्र के दिन मौसम ने अचानक करवट बदल ली। दोपहर होते-होते आसमान काले घने बादलों से ढक गया, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज हवाएं चलने लगीं और शहर के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। मौसम में आए बदलाव से ठंड का अहसास भी बढ़ गया। रविवार सुबह से ही नवरात्र के पहले दिन को लेकर नाहन के बाजारों में रौनक थी। त्योहार की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग बाजार पहुंचे हुए थे। बाजारों में चहल-पहल के बीच उत्सव का माहौल बना हुआ था। हालांकि, दोपहर होते-होते मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और कुछ ही देर में दिन के समय अंधेरा नजर आने लगा। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से बाजारों में मौजूद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम बिगड़ने और ठंड बढ़ने के चलते मुख्य बाजारों में चहल-पहल कम हो गई। खरीदारी करने निकले लोग जल्दबाजी में अपने घरों की ओर लौटने लगे। नवरात्र के पहले दिन बाजारों में बनी रौनक पर अचानक बदले मौसम का असर देखने को मिला।