फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: धारवा में 14.50 लाख से बने स्कूल के कमरों का लोकार्पण, 15 लाख से संपर्क मार्ग के सुदृढ़ीकरण का शिलान्यास

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ग्राम पंचायत धारवा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला के लिए 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के प्रथम चरण के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। इस चरण में सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। वहीं, विद्यालय में निर्मित अतिरिक्त कमरों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रत्येक बच्चे तक समान तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इसी उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है। शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रदेश के 150 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित कर रही है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है और विद्यालयों के शैक्षणिक ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उनके अनुसार शिलाई विधानसभा क्षेत्र में अध्यापकों के 90 प्रतिशत पद भरे जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे। उद्योग मंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के कई मामले सामने आए थे, जिससे युवाओं का विश्वास प्रभावित हुआ। वर्तमान सरकार ने सत्ता संभालते ही इन मामलों की गंभीर जांच करवाई, जवाबदेही तय की और संबंधित दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य युवाओं को योग्यता और मेरिट के आधार पर समान अवसर देना तथा सरकारी नौकरियों में ईमानदारी और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं को चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और पेयजल योजनाओं के सशक्तीकरण पर बल दिया जा रहा है। इन कार्यों के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसके अंतर्गत अधिकांश परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हर गांव तक आधुनिक आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध करवाना सरकार का प्रयास है। इन योजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। प्रवास के दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की सामूहिक और व्यक्तिगत समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़ी सभी उचित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उद्योग मंत्री ने धारवा में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रोहित धीमान द्वारा आयोजित समारोह में भी शिरकत की। इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, ओएसडी अत्तर राणा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम प्रकाश, प्रधान धारवा रीना नेगी, एसएमसी अध्यक्ष संजू देवी, शिलाई जोन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, मस्त राम प्राशर, विद्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें