खंड स्तरीय अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता में सीबीएसई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू की छात्राओं का दबदबा रहा। इस स्कूल की छात्राओं ने वॉलीबाल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। सोमवार को कमलाड स्कूल में संपन्न हुई अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान पहले दो मुकाबलों में इस स्कूल की छात्राओं ने आंजी बनुना व मलगांव स्कूल की छात्राओं को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल मुकाबला कन्या उच्च पाठशाला ददाहू व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू स्कूल की छात्राओं के बीच खेला गया। इसमें स्कूल की छात्राओं ने कन्या स्कूल को 2-0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। प्रधानाचार्य राज कुमार शर्मा ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए जिला स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।