उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने वीरवार को रेणुका प्रवास के दौरान ददाहू स्थित गोसदन का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गोसदन की क्षमता बढ़ाने और गिरि नदी से हो रहे कटाव की रोकथाम के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा गोसदन की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इस तरह कुल 30 लाख रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे। वर्तमान में ददाहू गोसदन में करीब 75 गोवंश को रखने की क्षमता है। उद्योग मंत्री ने कहा कि इसकी क्षमता बढ़ाकर 100 गोवंश की जानी आवश्यक है, ताकि ददाहू बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बेसहारा घूम रहे गोवंश को भी सुरक्षित आश्रय मिल सके। उन्होंने गोसदन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां गोवंश की बेहतर देखभाल और पालन-पोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा पुनीत कार्य है। लोगों को अपने पशुओं को बेसहारा छोड़ने के बजाय उनकी उचित देखभाल करनी चाहिए। इस दौरान उद्योग मंत्री ने अपने हाथों से गोवंश को चारा भी खिलाया। इससे पहले गोसदन ट्रस्ट की ओर से उनका स्वागत किया गया और ट्रस्ट की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपायुक्त प्रियंका वर्मा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, ददाहू पंचायत प्रधान पंकज गर्ग, पूर्व प्रधान शंकुतला देवी, रविंद्र गुप्ता, ट्रस्टी अशोक अग्रवाल, हरिश गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।