दिवाली के बाद भैया दूज के पर्व पर भी नाहन बाजार में कारोबारियों को निराशा हाथ लगी। त्योहार के चलते दुकानदारों को उम्मीद थी कि मंगलवार को बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ेगी और खरीदारी में तेजी आएगी, लेकिन उनकी उम्मीदें पूरी नहीं हो सकीं। दिनभर बाजार में कम चहल-पहल रही और इक्का-दुक्का ग्राहक ही खरीदारी करते नजर आए। इस बार दिवाली के दौरान भी नाहन बाजार में अपेक्षा के अनुरूप रौनक देखने को नहीं मिली। केवल धनतेरस के दिन बाजार में ग्राहकों की अच्छी भीड़ उमड़ी थी। इससे कारोबारियों को त्योहार के दौरान बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी थी, लेकिन छोटी दिवाली पर ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। दिवाली के दिन भी बाजार में वैसी चहल-पहल नहीं दिखी, जैसी दुकानदारों को उम्मीद थी। रविवार को दिवाली के बाद सोमवार को नाहन बाजार बंद रहा। ऐसे में दुकानदारों को उम्मीद थी कि मंगलवार को भैया दूज के अवसर पर बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी। कारोबारियों को त्योहार के दिन अच्छी बिक्री की आस थी, लेकिन बाजार में दिनभर अपेक्षाकृत सन्नाटा बना रहा। खरीदारी फीकी रहने से दुकानदारों को मायूसी का सामना करना पड़ा।