रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचली लोकसंगीत के नाम रही। प्रदेश के प्रसिद्ध पहाड़ी लोकगायक कुलदीप शर्मा और इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। दोनों कलाकारों की गायकी ने सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिए। उनके गीतों पर पंडाल में मौजूद दर्शक झूमते नजर आए। सांस्कृतिक संध्या में जैसे ही कुलदीप शर्मा ने मंच संभाला, दर्शकों में उत्साह देखने लायक था। कुलदीप शर्मा ने अपने लोकप्रिय गीतों ‘शिल्पा शिमले वालिए’, ‘दरोगा जी’ और ‘कुल्लू मनाली लागा मेला’ सहित कई चर्चित गीत प्रस्तुत किए। इसके पहले इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया। इसके अतिरिक्त पहाड़ी संगीत जगत के डिम्पल ठाकुर, ऋषभ सलोत्रा और कुमारी अंजली सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया। वहीं, स्थानीय एवं प्रदेश के उभरते कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यातिथि के रूप शिरकत की। इस अवसर पर उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि विक्रमादित्य सिंह को किन्नौरी टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।