ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिम अटल सेवा समिति की ओर से आयोजित खेल महाकुंभ का सोमवार को डंसा में भव्य शुभारंभ हुआ। जिला परिषद झाखड़ी वार्ड की सदस्य ममता आजाद ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस खेल महाकुंभ में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में करीब दो दर्जन टीमें अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगी। कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्य अतिथि ममता आजाद का हिम अटल सेवा समिति और महिला मंडलों की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय वालीबॉल कोच प्रतीक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समिति की ओर से विशिष्ट अतिथि प्रतीक शर्मा, सेवानिवृत्त पशु सहायक महेंद्र शर्मा और सेवानिवृत्त प्राथमिक मुख्य शिक्षक रूप दास भारती को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रतीक शर्मा कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र से संबंध रखते हैं और वर्तमान में साई अकादमी में वालीबॉल कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य ईशा चौहान ने भी विशेष रूप से शिरकत की। खेल महाकुंभ के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शैडोल डंसा की टीम ने नोगली स्कूल को 3-2 सेट से पराजित किया। वहीं, रस्साकशी के मुकाबले में महिला मंडल सनेई ने हिम अटल सेवा समिति के सदस्यों को कड़े संघर्ष के बाद शिकस्त दी। कबड्डी प्रतियोगिता में सेवन स्टार रामपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निरमंड की टीम को 43-23 अंकों से हराया। पहले दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। खेलों से युवाओं में बढ़ती है एकता और भाईचारे की भावना : ममता आजाद मुख्य अतिथि ममता आजाद ने खेल महाकुंभ के आयोजन की सराहना करते हुए हिम अटल सेवा समिति को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि युवा खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकते हैं और खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकते हैं। इस अवसर पर ममता आजाद ने हिम अटल सेवा समिति को फर्नीचर खरीदने के लिए जिला परिषद निधि से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने आगामी जिला परिषद बजट में महिला मंडलों, युवक मंडलों और पंचायत क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइनों की मरम्मत के लिए प्राथमिकता के आधार पर धनराशि स्वीकृत करवाने के प्रयास का आश्वासन भी दिया। हिम अटल सेवा समिति के अध्यक्ष देश कुमार हुडन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे सभी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सीमा मांटा, प्रमिला सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।