मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को करोड़ों की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया। शुक्रवार दोपहर को मुख्यमंत्री रोहड़ू से वायुमार्ग से रामपुर के शिंगला हेलीपैड पहुंचे, जहां कांग्रेसी नेताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने शिंगला हेलीपैड से 232.93 करोड़ की 28 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और भूमि पूजन किए। उन्होंने रामपुर तहसील की ग्राम पंचायत भड़ावली में भड़ावली गांवों के समूह के लिए 4.83 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना, रामपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर-7 डकोलढ़ में 8.36 करोड़ की सीवरेज प्रणाली, देवनगर पंचायत की प्लानू से शलून 2.56 करोड़ की प्रवाह सिंचाई योजना, खनेरी अस्पताल को मौजूदा सीवरेज योजना के साथ जोड़ने के लिए 71 लाख की सीवरेज कनेक्टिविटी, देलठ में 2.56 करोड़ से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और गानवी खड्ड पर 1.84 करोड़ से बने बैली ब्रिज का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि समूचे प्रदेश में विकास कार्यों को अमली जामा पहनाया जा रहा है। कांग्रेस सरकार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।