फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर बुशहर: निपुण भारत मिशन के तहत कुमारसैन में शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण, बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत बनाने पर जोर

प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक नींव मजबूत करने के उद्देश्य से शिक्षा खंड कुमारसैन में निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षकों का क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आयोजित इस खंड स्तरीय प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों की सीखने की क्षमता को विकसित करने के साथ शिक्षकों को प्रारंभिक साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) से जुड़ी नई शिक्षण गतिविधियों और पद्धतियों की जानकारी देना रहा। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों और बुनियादी साक्षरता एवं गणितीय कौशल के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि प्राथमिक शिक्षा के शुरुआती वर्षों में बच्चों की पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय गणनाएं करने की क्षमता विकसित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए कक्षा में बच्चों की रुचि के अनुसार गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया गया, ताकि बच्चे पढ़ाई को आसानी से समझ सकें और सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम में शिक्षकों को पढ़ाई को सरल, रोचक और प्रभावशाली बनाने के तरीके बताए गए। साथ ही कक्षा में बच्चों की भागीदारी बढ़ाने, उनकी सीखने की क्षमता पहचानने और शिक्षण कौशल को बेहतर बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को नई तकनीकों और गतिविधियों से परिचित करवाना रहा, जिससे प्राथमिक स्तर पर बच्चों का सर्वांगीण शैक्षणिक विकास सुनिश्चित किया जा सके। प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह और बीपीओ अनिल अग्रवाल ने कहा कि निपुण भारत मिशन प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शुरुआती कक्षाओं में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान में दक्ष बनाना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसके लिए शिक्षकों का प्रशिक्षित, जागरूक और नई शिक्षण तकनीकों से परिचित होना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को शिक्षकों के ज्ञान और कार्यक्षमता में वृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें