फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर बुशहर: गानवी-काओबिल सड़क पर गड्ढों की भरमार, बारिश का पानी खेतों में घुसने से बढ़ी परेशानी

Ankesh Dogra Updated Fri, 28 Aug 2026 02:35 PM IST

गानवी-काओबिल सड़क की खस्ताहालत और बरसात में जल निकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। भारतीय जनता पार्टी ग्राम केंद्र गानवी की मासिक बैठक में क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याएं उठीं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़कों की हालत सुधारने और स्थायी समाधान करने की मांग की। ग्राम केंद्र प्रभारी अमोलक राम की अध्यक्षता में हुई बैठक की शुरुआत गुरु रविदास के जीवन और उनके विचारों पर चर्चा के साथ हुई। कार्यकर्ताओं ने उनके सामाजिक संदेश और समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया। इसके बाद क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में गानवी से काओबिल को जोड़ने वाली सड़क की खराब हालत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे छोटे वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। सड़क की नालियों की उचित सफाई और निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क से होकर लोगों के घरों और खेतों में पहुंच रहा है। इससे फसलों और संपत्ति को नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने गानवी में जल्द स्थायी पुल का निर्माण करवाने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि वर्तमान में वाहनों की आवाजाही के लिए कलवर्ट के ऊपर अस्थायी पुल की व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों के अनुसार यह व्यवस्था न तो पर्याप्त है और न ही लंबे समय के लिए उचित समाधान है। उन्होंने संबंधित विभाग से मौके की स्थिति का जायजा लेकर स्थायी पुल का निर्माण करवाने की मांग की, ताकि बरसात के दौरान आवाजाही प्रभावित न हो। बैठक में 15/20 क्षेत्र की धारला, जूली, कोट और क्याव सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा भी सामने आया। स्थानीय लोगों ने कहा कि इन सड़कों पर भी जगह-जगह गड्ढे हैं और बरसात में जल निकासी की समस्या के कारण सड़कें और खराब हो रही हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़कों के गड्ढे भरने, मरम्मत कार्य करवाने और पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात कही। बैठक में मंत्री रमेश वर्मा, शिव टोलटा, सूरत राम, बीरबल चोपड़ा, सुनीता द्रोहा, प्रीतम, गोविंद, चेत राम, काकी, चिंता मणी, अनिल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें