भक्ति केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, सेवा और हर प्राणी में परमात्मा का नूर देखने की भावना से जीवन में उतरती है। इसी संदेश के साथ संत निरंकारी मिशन जोन-6 मंडी का महिला संत समागम संत निरंकारी भवन बलद्वाड़ा में आयोजित किया गया। समागम में मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति समेत आसपास के क्षेत्रों से एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं और महिलाओं ने भाग लिया। समागम की अध्यक्षता आरती भगत ने की। जबकि मंच संचालन ज्योति ने किया। जम्मू-कश्मीर से पहुंचीं प्रचारक बहन आरती भगत ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रह्मज्ञान प्राप्त होने के बाद हर प्राणी में परमात्मा का नूर दिखाई देने लगता है। भक्ति की शुरुआत घर से होती है और वास्तविक प्रतिष्ठा अच्छे संस्कारों से बनती है। जिस घर और समाज में नारी का सम्मान होता है, वहां सकारात्मक वातावरण कायम रहता है। इस मौके पर जोनल इंचार्ज आरके अभिलाषी, मुखी बलद्वारा भागीरथ, संयोजक कृष्ण कुमार, क्षेत्रीय संचालक रविंद्र कुमार, संचालक महाजन, किशन सैनी व अन्य मौजूद रहे।