मंडी जिला के सुंदरनगर स्थित कांगू में स्थापित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के विरोध में शुक्रवार को जोगिंद्रनगर में ट्रांसपोर्टरों ने प्रदर्शन किया। ट्रक, टैक्सी, टैंपो और अन्य मालवाहक वाहनों के चालकों व मालिकों ने शहर में आक्रोश रैली निकालकर इस व्यवस्था को समाप्त करने की मांग उठाई। ट्रांसपोर्टरों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे मंडी-पठानकोट हाईवे जाम करेंगे। ट्रक यूनियन के अध्यक्ष अजय ठाकुर की अगुवाई में ट्रांसपोर्टरों ने शहर में रैली निकालकर एटीएस के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मिनी सचिवालय के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ट्रांसपोर्टर नरेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि एटीएस व्यवस्था के कारण वाहन मालिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अजय ठाकुर ने कहा कि इस व्यवस्था का फायदा उठाने के लिए कुछ दलाल भी सक्रिय हो गए हैं, जो फिटनेस करवाने के नाम पर ट्रांसपोर्टरों से अवैध वसूली कर रहे हैं।