फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: नेरचौक में अधूरे पशु चिकित्सालय भवन पर भाजपा का प्रदर्शन, इंद्र सिंह गांधी बोले- चार साल में काम पूरा नहीं कर पाई सरकार

नेरचौक में अधूरे पड़े पशु चिकित्सालय भवन को लेकर भाजपा ने स्थानीय लोगों के साथ धरना-प्रदर्शन किया। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार नए विकास कार्य करवाना तो दूर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में शुरू हुए काम भी पूरे नहीं करवा पा रही है। विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि वर्ष 2021 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने नेरचौक में पशु चिकित्सालय भवन को मंजूरी देकर इसका शिलान्यास किया था। उनके अनुसार, भवन के निर्माण पर अब तक 2.36 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि दो मंजिला भवन तैयार होने के बावजूद दरवाजे और खिड़कियां लगाने सहित कई काम अधूरे हैं। गांधी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के करीब चार साल के कार्यकाल में भी भवन को जनता के लिए शुरू नहीं किया जा सका है। विधायक ने कहा कि पशु चिकित्सालय भवन बनने से क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को बेहतर सुविधा मिलनी थी। लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मांग की कि भवन का शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाया जाए और इसे जनता को समर्पित किया जाए, ताकि क्षेत्र के पशुपालकों को राहत मिल सके। भाजपा जिला अध्यक्ष निहालचंद शर्मा ने भी प्रदेश सरकार पर मंडी जिले की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भवन का निर्माण जल्द पूरा नहीं किया गया तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश सचिव प्रियंता शर्मा, बल्ह मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी राकेश वालिया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें