फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: जोगिंद्रनगर में मनियारी की दो दुकानों में बड़ी चोरी, दो लाख के नोटों के हार और नकदी ले गए चोर

जोगिंद्रनगर बस स्टैंड से सटी मनियारी की दो दुकानों में सोमवार देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर दोनों दुकानों के ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये कीमत के नोटों के हार और लगभग 60 हजार रुपये की नकदी ले गए। एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की वारदात से शहर के कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। जोगिंद्रा कॉम्प्लेक्स स्थित लक्ष्मी कॉस्मेटिक की दुकान को चोरों ने पहले निशाना बनाया। दुकान संचालक संजय कुमार के अनुसार, चोर दुकान से करीब 60 हजार रुपये के नोटों के हार और 10 हजार रुपये की नकदी ले गए। इसके बाद चोर वहां से करीब 50 मीटर दूर स्थित व्यास देव कॉस्मेटिक की दुकान में पहुंचे। दुकान संचालक की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में करीब डेढ़ लाख रुपये के नोटों के हार और 40 से 50 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की बात कही गई है। दोनों दुकानों के ताले टूटे मिलने के बाद कारोबारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रणजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि चोरी की दोनों वारदातें सोमवार रात करीब 12 बजे के बाद हुईं। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने कहा कि जोगिंद्रनगर शहर में हुई चोरी की दोनों वारदातों को सुलझाने के लिए पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। व्यापारियों ने बढ़ाई रात्रि गश्त की मांग स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता और नगर परिषद जोगिंद्रनगर के उपाध्यक्ष प्यार चंद वालिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। व्यापारियों ने शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। कारोबारियों का कहना है कि बस स्टैंड के समीप एक ही रात में दो दुकानों के ताले टूटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। चोरों की पहचान और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम संभावित सुरागों को खंगाल रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें