हाटी समुदाय को हाईकोर्ट से मिली राहत पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने खुशी जताई है। उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा कि हाटी समुदाय के लोग उन्हें प्यार से मामा कहते हैं, इसलिए मामा की तरफ से पूरे समुदाय को इस जीत की बधाई और शुभकामनाएं। जयराम ठाकुर ने कहा कि तीन साल के लंबे इंतजार और संघर्ष के बाद अब हाटी समुदाय के लिए अपने अधिकार हासिल करने का रास्ता साफ हुआ है। मंडी में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हाटी समुदाय की मांग को समझते हुए उन्हें अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की पहल की थी। इसके लिए संसद के दोनों सदनों में विधेयक पारित किया गया, लेकिन कुछ लोगों की ओर से हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर करने के कारण यह मामला लंबे समय तक अटका रहा। अब हाईकोर्ट से तीनों याचिकाएं खारिज होने के बाद समुदाय के लिए राहत का रास्ता खुल गया है। जयराम ठाकुर ने इस दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाटी समुदाय को उनका अधिकार दिलाने में प्रदेश सरकार ने शुरुआत में गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने हाटी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात की थी और इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। केंद्र सरकार ने इस पर विधेयक लाकर उसे संसद से पारित करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस सरकार की ओर से बार-बार जवाबतलबी किए जाने से प्रक्रिया में देरी हुई। जयराम ठाकुर के अनुसार, सरकार की लेटलतीफी के कारण हाटी समुदाय को अपना अधिकार मिलने में करीब 50 दिन अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।