पुलिस विभाग में वर्षों तक सेवाएं देने वाले वरिष्ठ कर्मचारियों के सम्मान और उनके हितों की आवाज बुलंद करने के संकल्प के साथ पुलिस पेंशनर कल्याण संगठन लाहुल-स्पीति ने जिला मुख्यालय कुल्लू में अपना स्थापना दिवस मनाया। समारोह में वयोवृद्ध वरिष्ठ पेंशनर सोभा राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन ने 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पुलिस पेंशनरों को टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया। बुजुर्ग पेंशनरों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके विभाग और समाज के लिए दिए गए योगदान को याद किया गया। स्थापना दिवस समारोह में संगठन के पिछले एक वर्ष के कार्यकाल की समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस पेंशनरों को पेश आ रही समस्याओं, उनकी लंबित मांगों और भविष्य में इन मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में कई नए पेंशनर भी संगठन से जुड़े। संगठन के जिला अध्यक्ष जगदीश ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर लाहुल-स्पीति जिले से संबंध रखने वाले पुलिस पेंशनरों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि संगठन के गठन का उद्देश्य पुलिस पेंशनरों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाना है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ पेंशनरों ने अपने सेवाकाल में पुलिस विभाग और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका अनुभव और समर्पण नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायक है। ऐसे वरिष्ठ लोगों का सम्मान करना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी सम्मान समारोह और अन्य गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा। इससे बुजुर्ग पेंशनरों को सम्मान देने के साथ उनकी समस्याओं और मांगों को उठाने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराया जा सकेगा।