अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान आग लगने की घटनाओं से निपटने के इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। मेला मैदान ढालपुर में बनाए गए एग्जिट प्वाइंटों पर दुकानों का सामान और अन्य बाधाएं दमकल वाहनों की आवाजाही में रुकावट बन रही हैं। ऐसे में आग लगने की स्थिति में दमकल विभाग की रिस्पांस टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी होने की आशंका है। मैदान में दुकानदारों ने दुकानों के आगे सामान और कपड़े सजा रखे हैं। वहीं, बारिश और धूप से बचाव के लिए दुकानों की छतों के आगे तिरपाल भी बांधे गए हैं। इससे एग्जिट प्वाइंटों से दमकल वाहनों को निकालने में परेशानी हो रही है। हालात ऐसे हैं कि दमकल विभाग के वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाने के लिए पुलिस, होमगार्ड और दमकल विभाग के कर्मचारियों को पहले अवैध कब्जे हटाने पड़ रहे हैं। इसके बाद ही वाहन रास्ते से गुजर पा रहे हैं। इस संबंध में दमकल विभाग के प्रभारी प्रेम भारद्वाज ने कहा कि अवैध कब्जों के कारण दमकल विभाग की रिस्पांस टीम को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने में समय लग रहा है। प्रेम भारद्वाज के अनुसार, मॉक अभ्यास के दौरान भी एग्जिट प्वाइंटों से कब्जे हटाने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवानों की मदद लेनी पड़ रही है। ऐसे में आग लगने जैसी आपात स्थिति में दमकल वाहनों की त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करना चुनौती बन सकता है।