अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान देवी-देवताओं के बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर देव समाज का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कुल्लू से मिला। जिला परिषद सदस्य अनिल राणा की अध्यक्षता में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने नेहरू पार्क सरवरी की मौजूदा स्थिति से प्रशासन को अवगत करवाया और स्थान को व्यवस्थित करने का आग्रह किया। जिला परिषद सदस्य अनिल राणा ने बताया कि कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान नेहरू पार्क सरवरी में 12 से 15 देवी-देवता बैठते हैं। लेकिन वर्तमान में पार्क में भवन निर्माण सामग्री पड़ी हुई है और यहां खटारा गाड़ियां भी खड़ी हैं। इस कारण देवी-देवताओं के बैठने के लिए पर्याप्त और उचित स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान देवी-देवताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्क को साफ-सुथरा और व्यवस्थित करना जरूरी है। इसी मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष मामला उठाया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, उपायुक्त कुल्लू ने आश्वासन दिया है कि देवी-देवताओं के पहुंचने से पहले नेहरू पार्क को साफ-सुथरा करवाया जाएगा। देव समाज ने उम्मीद जताई कि उत्सव शुरू होने से पहले पार्क में बैठने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।