प्रदेश में स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान परीक्षा 4 अक्तूबर को करवाई जाएगी। इसके लिए 14 से 26 सितंबर तक पंजीकरण करवाया जाएगा। परीक्षा में भाग लेने वाले इच्छुक विद्यार्थी इस अवधि में पंजीकरण करवा सकते हैं। यह बात पत्रकार वार्ता के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक ऋतिक कार्तिक ने कही। उन्होंने कहा कि हर साल विद्यार्थी परिषद सामान्य ज्ञान परीक्षा करवाती है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से यह परीक्षा करवाई जाती है। जिला कुल्लू के विद्यार्थियों का पिछला रिकॉर्ड बेहद खास रहा है। पिछले वर्ष की प्रतियोगिता में कुल्लू की छात्रा ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि इस साल भी प्रदेश स्तर प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को 31,000, द्वितीय को 21,000 तथा तृतीय को 15,000 रूपये का ईनाम दिया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर प्रथम तीन स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को 11,000-11,000 रूपये का ईनाम प्रदान किया जाएगा।