आस्था एवं संस्कार केंद्र की ओर से संचालित मां ज्वाला गुरुकुल वेद पाठशाला ज्वालाजी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विशेष चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण कर रहे सभी शिष्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं तथा भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर शिष्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। मां ज्वाला वेद पाठशाला गुरुकुल के संचालक वासुदेव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्माष्टमी के पावन पर्व को गुरुकुल में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शिष्यों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं के प्रति रुचि एवं जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल में विद्यार्थियों को वैदिक शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर गुरुकुल परिसर में मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजन किया गया। इसके अलावा शिष्यों को श्रीमद्भगवद्गीता के पाठ एवं अध्ययन से भी जोड़ा जाएगा। शाम के समय संध्या वंदन का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके द्वारा दिए गए संदेशों को भी शिष्यों के समक्ष रखा जाएगा। चित्रकला प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। प्रतियोगिता में लक्ष्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंशुल शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दोनों शिष्यों को गुरुकुल प्रबंधन की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिष्यों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। वासुदेव शर्मा ने कहा कि गुरुकुल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी प्राचीन संस्कृति और सनातन संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरने के साथ उनमें अनुशासन, रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित होती है। अंत में गुरुकुल संचालक वासुदेव शर्मा ने सभी शिष्यों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।