ग्राम पंचायत कोसरी के उम्बर बल्ही, बल्ह और महाराज नगर (दबाटा) गांवों के लिए पुलिया निर्माण तथा ग्राम पंचायत टंबर में पंचायत घर के निर्माण की मांग को लेकर पूर्व प्रधान नेहा वर्मा की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल बुधवार को सातवें दिन भी जारी रही। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच के बाद बीपी और शुगर लेवल कम पाए जाने पर उन्हें शाम को जयसिंहपुर अस्पताल ले जाया गया था। उपचार के बाद नेहा रात करीब साढ़े आठ बजे दोबारा भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचीं और अपनी भूख हड़ताल जारी रखी। नेहा वर्मा ने कहा कि मंगलवार शाम पांच बजे तक उनके पास न तो स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची थी और न ही किसी विभागीय अधिकारी ने उनकी सुध ली थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी जनहित से जुड़ी दोनों मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल उनकी नहीं, बल्कि उन ग्रामीणों की है जिन्हें बरसात के दौरान खड्ड के बढ़े जलस्तर के कारण वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेहा वर्मा ने प्रशासन और सरकार से मांग की कि दोनों मांगों पर जल्द ठोस कदम उठाया जाए।