ज्वालामुखी(कांगड़ा)। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के आरएएमपी कार्यक्रम के तहत मां ज्वाला स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ज्वालामुखी में आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम का बुधवार को समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन 31 अगस्त से 2 सितंबर तक उद्योग विभाग, प्रदेश के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन एनआईटीकॉन लिमिटेड की ओर से किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा भावी उद्यमियों को स्वरोजगार और सफल व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक जानकारी व कौशल प्रदान करना रहा। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को व्यवसाय शुरू करने से लेकर उसकी मार्केटिंग और विस्तार तक विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बदोली पंचायत के प्रधान व उपप्रधान विशेष रूप से शामिल हुए। इसके अलावा शशि शर्मा, प्रिया, स्मृति, एकता, मीनाक्षी और शिव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।