पीएम श्री सीबीएसई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर में अंडर-19 इंडोर खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुजानपुर विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के अवसर मिलें, इसके लिए सरकार और स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण स्तर से लेकर विद्यालय और विधानसभा क्षेत्र तक खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में पूरी लगन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।