राजकीय महाविद्यालय नादौन में आयोजित पांच दिवसीय कबड्डी अभ्यास शिविर का सोमवार को समापन हो गया। शिविर के समापन के बाद महाविद्यालय की कबड्डी टीम हरियाणा के जींद में प्रस्तावित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से महाविद्यालय परिसर में अंतर महाविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने शारीरिक शिक्षा के प्रोफेसर विशाल ठाकुर के मार्गदर्शन में विभिन्न तकनीकों और खेल रणनीतियों का अभ्यास किया। टीम मैनेजर मनजीत कुमार खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता के लिए रवाना हुए। प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ठाकुर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि टीम प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन करेगी।