हाइटेक एक्स सर्विसमैन संगठन हिमाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हमीरपुर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह कौशल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान संगठन के विस्तार और प्रदेशभर में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकारिणी गठित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से मदन सिंह डोगरा को संगठन का संयुक्त सचिव और संजय कुमार को मंडल हमीरपुर का महासचिव चुना गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का संगठन के सदस्यों ने स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक जिले में संगठन की कार्यकारिणी गठित की जाएगी। इसकी शुरुआत ऊना जिले से करने का फैसला लिया गया है। ऊना में संगठन के पदाधिकारियों के चुनाव करवाए जाएंगे। इसके बाद देहरा में भी संगठन की कार्यकारिणी के चुनाव करवाने का प्रस्ताव रखा गया। संगठन की योजना प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह कार्यकारिणी गठित कर संगठन को व्यापक रूप देने की है। पूर्व सैनिकों की समस्याएं उठाना उद्देश्य अध्यक्ष राजेंद्र सिंह कौशल ने कहा कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य पूर्व सैनिकों को एक मंच पर एकजुट करना और उनकी समस्याओं को प्रभावी तरीके से संबंधित मंचों के समक्ष उठाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकारिणियों का गठन होने से पूर्व सैनिकों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समझने और उन्हें संगठन के माध्यम से आगे उठाने में मदद मिलेगी। संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। बैठक में अनिल, सुनील, संजीव सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।