हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ ने मंगलवार को बचत भवन में जिला स्तरीय सहकारी सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जिले भर की सहकारी सभाओं के प्रबंधक मंडल के सदस्यों, सचिवों, हिमकोफैड के पदाधिकारियों और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को सुनील शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि सहकारी सभाएं ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर कार्य करती हैं। इनकी समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सहकारी सभाओं को बैंकों से अधिक ब्याज दिलवाने तथा इससे संबंधित मुद्दों को भारतीय रिजर्व बैंक के समक्ष रखने, एचआर पॉलिसी और कंप्यूटरीकरण को लेकर केंद्र सरकार की ओर सेजारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना से संबंधित सभी मुद्दों को प्रदेश सरकार प्रमुखता से उठाएगी। सहकारी सभाओं के कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था हमीरपुर में ही करवाने का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। सहायक पंजीयक रवि कुमार ने बताया कि जिले में इस 368 सहकारी सभाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके सदस्यों की संख्या दो लाख से भी अधिक है। सम्मेलन में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, हिमकोफैड के अधिकारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, मनोज शर्मा, प्रवेश ठाकुर अन्य मौजूद रहे।