थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए हमीरपुर के अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डिग्री कॉलेज परिसर में भर्ती रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक चलने वाली इस भर्ती रैली में संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास कर चुके युवाओं के ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। शुक्रवार सुबह एडीसी अभिषेक गर्ग ने एसडीएम संजीत सिंह, पुलिस और अन्य अधिकारियों के साथ भर्ती स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन और सेना के अन्य अधिकारियों के साथ भर्ती रैली के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा भी की। एडीसी अभिषेक गर्ग के अनुसार इस बार भर्ती रैली में हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के अभ्यर्थियों के अलावा क्लर्क श्रेणी की भर्ती के लिए प्रदेश के अन्य जिलों के युवाओं की भर्ती प्रक्रिया भी अणु में पूरी की जाएगी। इसके चलते भर्ती रैली में करीब 4571 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। प्रत्येक दिन लगभग 550 युवाओं का ग्राउंड टेस्ट कराने का लक्ष्य रखा गया है। ग्राउंड टेस्ट की प्रक्रिया 4 अक्तूबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। मौसम खराब होने की स्थिति में 5 और 6 अक्तूबर को आरक्षित दिन के रूप में रखा गया है। भर्ती रैली को लेकर प्रशासन और सेना की ओर से अणु मैदान में विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। रैली स्थल पर बिजली, पानी, अग्निशमन, शौचालय और सफाई के साथ मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा इंटरनेट, कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी प्रबंध किया गया है। भर्ती स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। दस्तावेज सत्यापन के लिए शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों के अधिकारी और कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं। पात्र अभ्यर्थियों की मैदान में प्रवेश प्रक्रिया तड़के से ही शुरू हो जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बस सेवा की व्यवस्था भी की जाएगी। भर्ती स्थल और उसके आसपास सेना तथा पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति को मैदान में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शारीरिक क्षमता और प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाइयों के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से केमिस्ट दुकानों के संचालकों को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए बाहर से आए सेना के करीब 200 अधिकारियों और सैनिकों के ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने अभ्यर्थियों से भर्ती रैली में सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड का अच्छी गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंट साथ लेकर आएं, ताकि बार कोड स्कैनिंग के माध्यम से प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। अभ्यर्थियों को भर्ती संबंधी वेबसाइट पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ने और आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां लाने को कहा गया है। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाणपत्रों के साथ अन्य आवश्यक दस्तावेज भी साथ लाने होंगे। इनमें बोनाफाइड हिमाचली प्रमाणपत्र, डोगरा वर्ग या जाति प्रमाणपत्र, धर्म प्रमाणपत्र, अल्पसंख्यक प्रमाणपत्र और चरित्र प्रमाणपत्र शामिल हैं। इसके अलावा ओपन स्कूल से मैट्रिक करने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र, सक्षम अधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित प्रमाणपत्र, सेवारत या भूतपूर्व सैनिक के पुत्र होने का प्रमाणपत्र, अविवाहित होने का प्रमाणपत्र और अधिसूचना में दिए प्रारूप के अनुसार शपथपत्र लाना होगा। क्लर्क या एसकेटी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए ओ-लेवल प्रमाणपत्र, जबकि पात्र अभ्यर्थियों को एनसीसी और खेल गतिविधियों के प्रमाणपत्र भी साथ लाने होंगे। इसके अतिरिक्त बैंक खाता, पैन कार्ड और 20 पासपोर्ट आकार के फोटो सहित अन्य जरूरी दस्तावेज भी साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं।