राजकीय महाविद्यालय भोरंज ने प्रदेश की वार्षिक महाविद्यालय रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी स्थिति मजबूत की है। सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से महाविद्यालयों की स्वमूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर करवाई गई नवीनतम वार्षिक रैंकिंग में भोरंज महाविद्यालय ने टियर-टू श्रेणी में प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। महाविद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि ओवरऑल राज्य रैंकिंग में भी संस्थान ने पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष 12वें स्थान पर रहा राजकीय महाविद्यालय भोरंज इस बार चार पायदान की छलांग लगाकर आठवें स्थान पर पहुंच गया है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन को संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रशासनिक व्यवस्था और सामूहिक प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। मनाली में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्राचार्य सम्मेलन के दौरान राजकीय महाविद्यालय भोरंज के प्राचार्य डॉ. विजय ठाकुर ने महाविद्यालय की उपलब्धियों से जुड़ी प्रस्तुति दी। इस दौरान उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और प्रशासनिक सुदृढ़ता समेत विभिन्न पहलुओं को सामने रखा। डॉ. विजय ठाकुर ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरे महाविद्यालय परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे महाविद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत, समर्पण और प्रयासों का परिणाम है। टियर-टू श्रेणी में प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल करना और ओवरऑल रैंकिंग में 12वें से आठवें स्थान तक पहुंचना महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। रैंकिंग में सुधार के साथ संस्थान ने प्रदेश के सरकारी महाविद्यालयों के बीच अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। महाविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।