मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हितों को बेचा है। कहा कि सदन के भीतर भाजपा ने नियम 67 के तहत काम रोको प्रस्ताव लाया, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष अपनी बात रख नहीं पा रहा। काम रोको प्रस्ताव तब लाया जाता है, जब प्रदेश में कोई बहुत बड़ी आपातकालीन स्थिति होती है। पिछली बार भी काम रोको प्रस्ताव लाया था। सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने बद्दी में पांच हजार बीघा जमीन कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर 99 साल की लीज पर एक रुपये में दे दी। जमीन की रजिस्ट्री फीस भी नहीं ली। कहा कि हिमाचल की संपदा को बचाने के लिए इस सत्र में एक विधेयक लाया जाएगा।