टीबी के उपचार में दवाइयों के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार की अहम भूमिका को देखते हुए नई दिल्ली स्थित एकमे वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से जिला कांगड़ा के फतेहपुर, शाहपुर और नूरपुर ब्लॉक के टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गईं। इस कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा के कार्यालय परिसर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल, धर्मशाला में पोषण एवं टीबी विषय पर कार्यशाला भी आयोजित की गई। कार्यशाला में पौष्टिक भोजन, मिलेट्स के स्वास्थ्य लाभ और इन्हें दैनिक आहार में शामिल करने के तरीकों पर चर्चा की गई। एकमे वेलफेयर फाउंडेशन एवं ताश्विका इंडिया फूड प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक साध्वी पांडेय ने मिलेट आधारित उत्पादों के पोषण संबंधी गुणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन उत्पादों का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है और इन्हें रोजमर्रा के खानपान में कैसे शामिल किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमेश भारती ने मिलेट उत्पादों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए समाज के सभी वर्गों को अपने दैनिक आहार में मोटे अनाज को शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मिलेट्स पोषण के अच्छे स्रोत हैं और इनका नियमित सेवन संतुलित आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है।