श्री मणिमहेश यात्रा के आधिकारिक तौर पर संपन्न होने के साथ ही यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर सजा अस्थायी बाजार अब सिमटने लगा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई गई अस्थायी दुकानें और अन्य व्यवस्थाएं धीरे-धीरे हटाई जा रही हैं। दुकानदार अपना सामान समेटकर वापस लौटने की तैयारी में जुट गए हैं। यात्रा अवधि के दौरान प्रशासन की ओर सेश्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई थीं। इनमें अस्थायी बाजार, खान-पान की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और अन्य जरूरी इंतजाम शामिल रहे। यात्रा समाप्त होने के बाद अब ये सुविधाएं भी धीरे-धीरे समाप्त हो जाएंगी। ऐसे में आगामी दिनों में मणिमहेश पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा अवधि जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी। इस बार श्री मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तरह लाखों के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। मौसम और यात्रा अवधि के दौरान बनी परिस्थितियों का भी श्रद्धालुओं की आवाजाही पर असर पड़ा। इसकेबावजूद राधाष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र डल झील में आस्था की डुबकी लगाई। यात्रा समाप्त होने के बाद अब प्रशासन की ओर से अस्थायी व्यवस्थाओं को हटाने और यात्रा मार्ग को सामान्य स्थिति में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, स्थानीय कारोबारियों ने भी अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है।