जयपुर राजस्थान की प्रतिष्ठित रियल एस्टेट कंपनी मनसुख रियल्टी की 250 सदस्यीय टीम चार दिन के हिमाचल भ्रमण पर पहुंची है। बुधवार और वीरवार को टीम के सदस्यों ने पर्यटन नगरी खज्जियार की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। इस दौरान खज्जियार के झील मैदान में पर्यटकों ने चंबयाली वेशभूषा पहनकर नाटी डाली। राजस्थानी पर्यटकों को हिमाचली अंदाज में नाटी करते देखने के लिए मैदान अन्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों से भर गया। इस दौरान पर्यटकों ने खज्जियार की खूबसूरती को कैमरों में भी कैद किया। खज्जियार पहुंचने से पहले इस दल ने धर्मशाला, मैक्लोडगंज और डलहौजी का भ्रमण किया। चार दिवसीय हिमाचल दौरे के दौरान दल के सदस्यों ने प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का आनंद लिया। कंपनी के डायरेक्टर राम गोपाल कुलरिया, दिनेश कुमावत, दीपक जैन और राजेश उत्तम तथा टॉप सेल्स लीडर रोहित चौधरी मुख्य रूप से दल में मौजूद रहे।