चंबा जिले की पूलन पंचायत में दुकान से शराब की बड़ी खेप बरामद होने के बाद उसके गायब होने का मामला चर्चा में है। आरोप है कि बीते सोमवार को दुकान से शराब बरामद की गई थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद दुकान का ताला तोड़कर शराब गायब कर दी गई। इस घटना को लेकर पूलन पंचायत के प्रधान अंग्रेज कपूर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्रधान अंग्रेज कपूर ने बरामद शराब के अचानक गायब होने पर नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुकान से शराब की बड़ी खेप मिलने के कुछ घंटों के भीतर ही ताला टूटना और शराब का गायब हो जाना कई सवाल खड़े करता है। यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि बरामद शराब कहां गई और उसे कौन ले गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे मामलों में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि लोगों का भरोसा बना रहे। अंग्रेज कपूर ने चेतावनी दी कि यदि एक-दो दिन के भीतर कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और एडीएम को लिखित शिकायत भेजेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले में उचित कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।