चंबा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अवांह में 77 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का शुभारंभ किया। इससे अवांह, दरमन, छवालू, वैसका, फलेत और पुरखेड़ी सहित करीब एक दर्जन गांवों की लगभग 2000 आबादी को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। जनसभा में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भटियात क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं पर जून 2027 तक करीब 900 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में विभाग ने 172 करोड़ रुपये की योजनाओं के निर्माण कार्य पूरे किए हैं। वर्तमान में 365 करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम चल रहा है, जबकि 564 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं। कुलदीप सिंह पठानिया ने अवांह पंचायत में सामुदायिक भवन, पटवारखाना, खेल मैदान, जिम और रामलीला मंच के निर्माण की मांगें पूरी करने की घोषणा की। इसके अलावा छबालु, बरोहियां और भरेरा गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि चंबा जिले में केंद्रीय योजनाओं के तहत 500 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनमें 109 करोड़ रुपये की योजनाएं भटियात क्षेत्र से संबंधित हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।