चंबा। जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय की ओर से जिला युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के तहत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत आयोजित इस महोत्सव में 54 प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव में नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, लोक नृत्य, लोक गीत और कविता लेखन प्रतियोगिताएं करवाई गईं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत चंबा राहुल गर्ग ने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को अब राज्यस्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।