फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर: श्री नयना देवी जी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 हजार श्रद्धालुओं ने किए माता के दर्शन

हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। दोपहर की आरती के बाद दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। इस दौरान दर्शन की कतार फ्लाईओवर तक पहुंच गई। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से माता के दर्शन करवाए, ताकि व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। गर्मी के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया। मंदिर के प्रवेश और निकासी द्वार पर पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं की ओर से ठंडे पानी की व्यवस्था की गई थी। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने पानी पीकर राहत महसूस की। मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए कर्मचारी भी तैनात रहे। भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाने पर ध्यान दिया गया। माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु कतार में अपनी बारी का इंतजार करते हुए माता के जयकारे लगाते नजर आए। रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से श्री नयना देवी जी में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें