झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत मौही के प्रांगण में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग झंडूता की ओर से अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पंचायत के करीब 80 लोगों ने भाग लेकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। शिविर की थीम ‘गरिमापूर्ण वृद्धावस्था’ रखी गई। शिविर का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच करना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, बढ़ती उम्र में आंखों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान के महत्व पर जोर दिया गया। ब्लॉक हेल्थ एजुकेटर झंडूता दीप कुमार ने बताया कि अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत बुजुर्गों की स्वास्थ्य देखभाल और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान जरूरी है। दीप कुमार के अनुसार, ऐसे शिविरों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा देने के साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाता है। ‘गरिमापूर्ण वृद्धावस्था’ थीम के तहत वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण जीवन पर विशेष ध्यान दिया गया। शिविर में ग्राम पंचायत मौही के उपप्रधान कुलवंत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।