फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर: चार साल पुराने मामले पर धरना क्यों? रमेश चौहान बोले- अस्तित्व बचाने में जुटी भाजपा

Ankesh Dogra Updated Sun, 06 Sep 2026 12:33 PM IST

पुलिस थाना घुमारवीं के बाहर पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग के नेतृत्व में चल रहे भाजपा के धरने को कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं बिलासपुर जिला प्रभारी रमेश चौहान ने बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने भाजपा पर जनहित के मुद्दों से भटकने और राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए पुराने मामलों को हवा देने का आरोप लगाया। रविवार को बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में रमेश चौहान ने कहा कि जिस मामले को लेकर भाजपा नेता घुमारवीं थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं, वह वर्ष 2022 का पुराना मामला है। ऐसे में करीब चार साल बाद अचानक इस मुद्दे को लेकर धरना देना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनता के बीच पकड़ कमजोर हो रही है और इसी वजह से पार्टी अब पुराने मामलों को मुद्दा बनाकर राजनीतिक जमीन तलाशने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे हैं, लेकिन भाजपा के पास उन्हें लेकर कोई ठोस एजेंडा नहीं है। यही कारण है कि पार्टी धरने-प्रदर्शन और बयानबाजी के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज करवाने की कोशिश कर रही है। रमेश चौहान ने भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घुमारवीं थाने के बाहर चल रहा धरना वास्तव में इतना महत्वपूर्ण है तो भाजपा का दूसरा धड़ा इसमें क्यों शामिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है और मौजूदा धरना भी इसी खींचतान का हिस्सा नजर आ रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता के वास्तविक मुद्दों पर राजनीति करनी चाहिए, न कि पुराने मामलों को लेकर माहौल बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा की इस राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे प्रदर्शनों से पार्टी को कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से ले रही है और कानून अपना काम करेगा। किसी भी मामले में राजनीतिक दबाव बनाने के बजाय तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया पर भरोसा किया जाना चाहिए।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें