फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर: प्रदेश भर में 20 सितंबर से चलेगा स्वच्छ जल स्रोत-सुरक्षित जलीय जीवन अभियान

प्रदेश के जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने और जलीय जीवन के संरक्षण के लिए मत्स्य विभाग की ओर से 20 सितंबर से 31 अक्तूबर तक राज्यव्यापी स्वच्छ जल स्रोत-सुरक्षित जलीय जीवन अभियान चलाया जाएगा। विश्व स्वच्छता दिवस के अवसर पर शुरू होने वाले अभियान की थीम मेरा जल स्रोत-मेरी जिम्मेदारी रखी गई है। अभियान के दौरान प्रदेश के तालाबों, झीलों, नदियों, नालों, जलाशयों, जल चैनलों, मत्स्य क्षेत्रों, मछली उतारने और हैंडलिंग स्थलों सहित जलग्रहण क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जल स्रोतों के आसपास चिन्हित कचरा डंपिंग स्थलों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। जिला और क्षेत्रीय स्तर पर प्राथमिकता वाले स्थानों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। मत्स्य विभाग के निदेशक ओमकांत ठाकुर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जलस्रोतों और इनके आसपास कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना तथा स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाना है। अभियान को केवल सफाई तक सीमित न रखते हुए लोगों में जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। अभियान में मछुआरों और मत्स्यजीवी समुदायों के साथ पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों, स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा समूहों और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। स्वच्छता गतिविधियों से पहले और बाद की तस्वीरें और वीडियो तैयार कर अभियान के प्रभाव का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। एकत्रित कचरे को प्लास्टिक, कांच, धातु, जैविक, सामान्य और खतरनाक या अज्ञात कचरे की श्रेणियों में अलग किया जाएगा। इसके बाद संबंधित स्थानीय निकायों की अधिकृत कचरा प्रबंधन व्यवस्था के माध्यम से उसका उचित निपटान किया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा और गहरे अथवा तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश न करने की सलाह दी जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें