सोशल मीडिया पर रील बनाने और वीडियो के जरिए कुछ अलग दिखाने के शौक ने एक 15 वर्षीय किशोर की जान ले ली। जगाधरी वर्कशॉप के सामने खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो बनवाते समय दसवीं कक्षा का छात्र हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब मृतक केशव, जो जवाहर नगर का निवासी था, अपने बुआ के लड़के आशीष के साथ नए कपड़े खरीदने के बाद वीडियो बनाने के लिए जगाधरी वर्कशॉप के पास पहुंचा। वहां खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो बनाने के दौरान केशव हाईवोल्टेज बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से जोरदार धमाका हुआ और किशोर बुरी तरह झुलस गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने किशोर को मालगाड़ी के ऊपर पड़ा देखा, जिसके शरीर से धुआं निकल रहा था। यह भयावह दृश्य देखकर आशीष के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। केशव अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसके पिता कमल एलआईसी एजेंट हैं। उसकी एक छोटी बहन भी है। इस अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसर गया है और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि उनका बेटा अब कभी लौटकर नहीं आएगा। यह घटना सोशल मीडिया के बढ़ते क्रेज और उसके खतरनाक परिणामों को उजागर करती है, जहां युवा अपनी जान जोखिम में डालने से भी नहीं हिचकिचाते।