गांव राठधना में श्री शिव रामेश्वरम धाम मंदिर को लेकर दिए गए नोटिस के विरोध में ग्रामीणों ने धार्मिक और सामाजिक संगठनों का सहयोग मांगा है। रविवार को गांव जाट जोशी में हिंदू मंदिर रक्षक समिति के बैनर तले हुई बैठक में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के सदस्य पहुंचे। उन्होंने एक सुर में कहा कि मंदिर को वहां से नहीं हटाने देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम की ओर से मंदिर की जमीन को लेकर नोटिस दिया गया है। जिसके चलते ग्रामीणों में रोष है। उनकी मांग है कि इस नोटिस को वापस लेकर निगम की ओर से स्पष्टीकरण दिया जाए। वहीं, मंदिर को वैधता प्रदान की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि नगर निगम ने पंचायत की भावनाओं का सम्मान नहीं किया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। साथ ही नगर निगम को भंग करने की मांग और गांवों में पंचायती शासन की पुनःस्थापना हो सकती है। वहीं, हिंदू मंदिर रक्षक समिति का गठन भी किया गया है जो नगर निगम क्षेत्र में आने वाले सभी गांवों के मंदिरों की रक्षा के लिए कार्य करेगी। यह समिति मंदिरों की पहले से बनी स्थानीय कमेटियों के साथ मिलकर सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रयास करेगी। इसके अंतर्गत सभी गांवों में पंचायतें करके समिति का विस्तार किया जाएगा और फिर एक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मंदिर संरक्षण और नगर निगम के विरोध की रणनीति तय की जाएगी।