बैंकॉक में हुई एशियन अंडर-22 मुक्केबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली सिसाना गांव की बेटी रितिका दहिया का रविवार को गांव लौटने पर स्वागत हुआ। सम्मान समारोह में भारी भीड़ उमड़ी और ग्रामीणों ने बेटी पर फूल बरसाकर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, राई विधायक कृष्णा गहलावत, विधायक पवन खरखौदा, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र दहिया, शिक्षा मंत्री के भाई हरपाल ढांडा और अर्जुन अवार्डी दीपक हुड्डा विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने गोल्डन गर्ल रितिका को उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उसने मेहनत और लगन से प्रदेश की खेल परंपरा को नई ऊंचाई दी है। रितिका को खरखौदा से खुली जीप में बैठाकर एक जुलूस के रूप में सिसाना गांव तक ले जाया गया।