सोनीपत के गोहाना में पानीपत रोड स्थित दीपांशी गार्डन में आयोजित हरियाणा पुलिस के सिपाही की सगाई व मंडा पूजा कार्यक्रम के दौरान हमलावरों ने दूल्हे के ममेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले के दौरान दूल्हा भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। हमलावरों ने दूल्हे व उनके दोस्त के साथ रंजिश में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या व हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।