फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खरना पर छठ पूजा की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़, पूजन सामग्री से सजे स्टॉल

सोनीपत। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शनिवार को खरना के अवसर पर बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। छठ पूजा की तैयारियों में जुटे पूर्वांचल समाज के लोगों ने सुबह से ही बाजारों का रुख करना शुरू कर दिया। पूजा में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक सामग्री की खरीदारी के लिए सब्जी मंडी सहित शहर के विभिन्न बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दुकानों के बाहर पूजन सामग्री के स्टॉल सजे नजर आए। महिलाओं के साथ पुरुष भी परिवार सहित पूजा का सामान खरीदने पहुंचे। इससे बाजारों में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। दीपावली के बाद से ही पूर्वांचल समाज के परिवार छठ पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं। शनिवार को खरना होने के कारण पूजा से जुड़ी सामग्री की खरीदारी का विशेष महत्व रहा। श्रद्धालुओं ने मिट्टी के बर्तन, दीया, ढकना, डगरा, छैटा, सूप, सुपली, चगेली और बांस की टोकरियां खरीदीं। इसके अलावा नारियल, गन्ना, केला और अन्य मौसमी फलों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए पहले से ही विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्री का स्टॉक मंगवा लिया था, ताकि श्रद्धालुओं को खरीदारी में परेशानी न हो। पारंपरिक सामग्री की खरीदारी के लिए लगी रही भीड़ सब्जी मंडी में लगे पूजन सामग्री के स्टॉल पर सबसे अधिक चहल-पहल दिखाई दी। महिलाएं अपनी जरूरत और पूजा की परंपरा के अनुसार बांस के सूप, सुपली और टोकरी खरीदती नजर आईं। मिट्टी के बर्तनों और पूजा में इस्तेमाल होने वाले छोटे-बड़े दीयों की भी खूब बिक्री हुई। दुकानों पर अलग-अलग आकार और डिजाइन के सूप व टोकरियां उपलब्ध थीं। श्रद्धालु पूजा की सामग्री को एक साथ जुटाने में लगे रहे, ताकि पर्व के दौरान किसी वस्तु की कमी न रह जाए। छठ पूजा में बांस से बनी वस्तुओं और मिट्टी के बर्तनों का विशेष धार्मिक एवं पारंपरिक महत्व है। व्रती इन्हीं सूप और टोकरियों में फल, ठेकुआ, प्रसाद तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। यही वजह है कि छठ पर्व के दौरान इन वस्तुओं की मांग बढ़ जाती है। बाजारों में इनकी उपलब्धता से श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर अधिकांश सामग्री खरीदने की सुविधा मिली।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें