गोहाना। नई अनाज मंडी में शुक्रवार को धान की खरीद बंद रखी। आढ़तियों ने फसल के उठान के लिए अनाज मंडी बंद रखी। दिनभर में करीब 65 हजार बैग का उठान करवाया गया। अनाज मंडी में रविवार को भी धान की खरीद बंद रहेगी। इस दिन दिवाली का पर्व होने के चलते आढ़तियों और व्यापारयों ने खरीद बंद रखने का निर्णय लिया है। खरीद बंद रखने को लेकर आढ़तियों अनाज मंडी में मुनादी करवाकर किसानों को भी फसल नहीं लेकर आने के मैसेज भेज दिए हैं। नई अनाज मंडी में प्रतिदिन करीब 70 हजार क्विंटल तक धान की आवक हो रही है। इसके कारण बीते तीन दिनों तक शहर की सड़कों और अनाज मंडी परिसर में जाम की स्थिति बनी रही। अधिक आवक के कारण फसल का उठान भी प्रभावित हो रहा था। मंडी परिसर में हर तरफ अनाज से भरे बैग रखे हुए हैं। इससे किसानों को अपनी फसल उतारने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल रहा था। आढ़तियों ने अनाज मंडी में व्यवस्था बनाने के लिए शुक्रवार को फसल की खरीद बंद रखी। अनाज मंडी में 1091999 क्विंटल धान, 4146 क्विंटल कपास और 5821 क्विंटल बाजरा की आवक हो चुकी है। मार्केट कमेटी सचिव सविता जैन का कहना है कि अनाज मंडी में फसल के उठान के लिए खरीद बंद रखी गई। इससे शनिवार को किसानों को फसल उतारने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा। दिवाली के दिन भी अनाज मंडी में खरीद बंद रखी जाएगी। इस संबंध में किसानों को भी सूचित कर दिया गया है।