भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन के उपलक्ष्य में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशभर में सवा करोड़ दीये जलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन महोत्सव के तहत कहीं रक्तदान तो कहीं चिकित्सा जांच शिवर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हर मुद्दे को लेकर संवेदनशील हैं। प्रदेश में कहीं भी कोई वारदात होती है तो सरकार और प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लिया जाता है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाती है। विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव के दौरान जनता के हित में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनसेवा का संदेश दिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने विपक्ष पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद और भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। विपक्ष में हमेशा परिवारवाद हावी रहा है। उन्होंने कहा कि इसी कारण विपक्ष के पास आज न कोई स्पष्ट नेता है, न नीति और न ही कोई मुद्दा।