रोहतक। महाराजा अग्रसेन सेवा सदन ट्रस्ट की ओर से 10 और 11 अक्तूबर को अग्रसेन जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इसको लेकर रविवार को वैश्य कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के हॉल में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन समाज सेवी राजेश जैनर ने बताया कि 10 अक्तूबर को सुबह ब्लड डोनेशन कैंप और मेडिकल कैंप लगाया जाएगा, साथ ही भंडारे का आयोजन होगा। शाम 5 बजे हवन और आरती होगी जिसमें 171 जोड़े बैठेंगे। 11 अक्तूबर को सुबह साढ़े आठ बजे अग्रसेन चौक पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद मुख्य कार्यक्रम और शोभा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने सभी अग्रवाल बंधुओं से परिवार व बच्चों सहित शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने एक ईंट-एक रुपया का सिद्धांत दिया था। आज के संदर्भ में अगर एक ईंट को एक घंटा समझा जाए तो समाज के लिए समय दान करना सबसे बड़ा सहयोग होगा। उन्होंने हनुमान चालीसा का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे हनुमान चालीसा पढ़ने से उत्साह मिलता है, वैसे ही महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को याद करना चाहिए।