रोहतक। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को गांधी कैंप के मातूराम कम्युनिटी सेंटर में रोहतक ब्लॉक अधिवेशन में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमसे हिसाब मांगा जा रहा है, जबकि हिसाब तो हम दे रहे हैं। 82 किलोमीटर छोड़ो, 40 किलोमीटर छोड़ो, ये सरकार 12 साल में 82 इंच भी मेट्रो को आगे नहीं बढ़ा पाई। उन्होंने कहा कि हमारे दिल में रोहतक को लेकर दर्द था। बचपन से सुनते आ रहे थे कि दिल्ली की एक तरफ नोएडा है, एक तरफ गुड़गांव है, एक तरफ फरीदाबाद है। नोएडा कहां पहुंच गया, गुड़गांव कहां पहुंच गया, लेकिन जब रोहतक की बात आती थी तो रोहतक वहीं का वहीं खड़ा था। उन्होंने कहा कि पहले बारिश होते ही स्कूलों की कई दिन की छुट्टी हो जाती थी, शहर के ऐसे हालात थे। सिर्फ नाम का शहर था। सरकारें आई-गईं, मैं राजनीति से ऊपर उठकर कह रहा हूं, लेकिन इस इलाके का नुकसान पूरे हरियाणा को हुआ। दीपेंद्र ने कहा कि जब गुड़गांव का विकास हुआ तो गुड़गांव से आगे मानेसर, मानेसर से आगे रेवाड़ी, रेवाड़ी से आगे नीमराना और जयपुर तक विकास हुआ। इसी तरह अगर रोहतक का विकास होता तो हिसार, जींद, भिवानी सहित पूरे हरियाणा का विकास होता। उसी सोच के साथ हमने कनेक्टिविटी, फोरलेन, रेल लाइन, बड़े शिक्षण संस्थान, एम्स जैसे बड़े अस्पताल, बिजली के कारखाने और यूनिवर्सिटी पर काम किया। रोहतक में तीन-तीन यूनिवर्सिटी बनीं, हेल्थ यूनिवर्सिटी बनी, स्टेट यूनिवर्सिटी बनी, लेकिन पिछले 12 साल में इनका बुरा हाल कर दिया गया है।