लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना के चलते रविवार को बैंकों में जरूरी काम निपटाने के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। ग्राहक नकद निकासी समेत अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचे। हालांकि, चेक क्लीयरेंस की प्रक्रिया नहीं हुई, जबकि अन्य जरूरी सेवाएं जारी रहीं। आगामी तीन दिन की हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। हड़ताल के दौरान नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस और शाखा से जुड़ी अन्य सेवाओं पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से लोगों ने रविवार को ही बैंक पहुंचकर अपने जरूरी काम पूरे किए। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लगातार तीन दिन शाखाएं प्रभावित रहने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की स्थिति में लोग इनका इस्तेमाल कर सकेंगे।